कार किराये पर लेकर गिरवी रखने वाला आरोपी गिरफ्तार, 39 लग्जरी कारें बरामद

कार किराये पर लेकर गिरवी रखने वाला आरोपी गिरफ्तार, 39 लग्जरी कारें बरामद

Feb 4, 2026 - 09:58
 0  16
कार किराये पर लेकर गिरवी रखने वाला आरोपी गिरफ्तार, 39 लग्जरी कारें बरामद

विजय खंडेलवाल 

इंदौर | अन्नपूर्णा थाना पुलिस ने कार किराये पर लेकर लोगों से धोखाधड़ी करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार कर अब तक 39 लग्जरी कारें बरामद की हैं। जब्त की गई कारों की कुल कीमत करीब 6 करोड़ रुपये बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी संजय कालरा के खिलाफ एक फरियादी की शिकायत पर धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया था। शिकायत में बताया गया था कि आरोपी कार किराये पर लेकर उसे वापस नहीं कर रहा है। मामले की जांच आगे बढ़ी तो पुलिस को एक बड़े फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ।
जांच के दौरान सामने आया कि आरोपी संजय कालरा महंगी और लग्जरी कारें किराये पर लेता था और कार मालिकों को हर माह मोटा मुनाफा देने का लालच देता था। कुछ महीनों तक किराया देने के बाद आरोपी कारों का किराया देना बंद कर देता और उन कारों को अलग-अलग स्थानों पर गिरवी रख देता था।
आरोपी की गिरफ्तारी के बाद एक के बाद एक कई पीड़ित अन्नपूर्णा थाने पहुंचे और उसके खिलाफ आवेदन दिए। इसके बाद पुलिस ने अलग-अलग स्थानों से पहले 24 लग्जरी कारें बरामद कीं। रिमांड के दौरान और खुलासे होने पर पुलिस ने अब तक कुल 39 महंगी कारें जब्त कर ली हैं।
फिलहाल आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी सहित विभिन्न धाराओं में दो और प्रकरण दर्ज किए गए हैं। पुलिस आरोपी की रिमांड अवधि बढ़ाने की तैयारी में है, जिससे और मामलों के खुलासे की संभावना जताई जा रही है। वहीं, थाने पर शिकायतकर्ताओं का आना अब भी जारी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और अन्य पीड़ितों से भी संपर्क किया जा रहा है।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow