क्राइम ब्रांच इंदौर की बड़ी कार्रवाई, 11 लाख की ब्राउन शुगर के साथ शातिर आरोपी गिरफ्तार
क्राइम ब्रांच इंदौर की बड़ी कार्रवाई, 11 लाख की ब्राउन शुगर के साथ शातिर आरोपी गिरफ्तार
जुनैद हुसैन
इंदौर। शहर में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत क्राइम ब्रांच इंदौर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने रेलवे मालगोदाम, लक्ष्मीबाई नगर क्षेत्र से 102.76 ग्राम अवैध मादक पदार्थ ब्राउन शुगर के साथ एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 11 लाख रुपए आंकी गई है।
पुलिस आयुक्त नगरीय इंदौर श्री संतोष कुमार सिंह के निर्देश पर क्राइम ब्रांच द्वारा लगातार मादक पदार्थों की तस्करी में लिप्त आरोपियों के विरुद्ध गोपनीय सूचना के आधार पर प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में क्राइम ब्रांच टीम शहर के विभिन्न क्षेत्रों में संदिग्धों की तलाश व चेकिंग कर रही थी।
इस दौरान रेलवे मालगोदाम, लक्ष्मीबाई नगर क्षेत्र में खड़ी मालगाड़ियों के बीच से आता एक व्यक्ति पुलिस चेकिंग को देखकर भागने लगा। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम चिंटू उर्फ चिंट्टी वर्मा निवासी भागीरथपुरा, इंदौर बताया। संदेह के आधार पर जब तलाशी ली गई तो आरोपी की जेब से 102.76 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई।
पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ शहर में पहले से ही 9 आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें से 5 मामले एनडीपीएस एक्ट से संबंधित हैं। आरोपी रेलवे में गाड़ियों की साफ-सफाई का काम करता है और केवल पांचवीं कक्षा तक शिक्षित है।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह अवैध लाभ कमाने की नीयत से सस्ते दामों पर मादक पदार्थ खरीदकर नशे के आदी लोगों को महंगे दामों पर बेचता था। पुलिस ने आरोपी के पास से एक मोबाइल फोन भी जब्त किया है। जब्त मश्रूका की कुल कीमत लगभग 11 लाख 50 हजार रुपए बताई गई है।
आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 17/2026, धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट के तहत थाना अपराध शाखा में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपी से जुड़े अन्य नेटवर्क और सप्लाई चेन की जांच में जुटी हुई है।
What's Your Reaction?