राजा रघुवंशी हत्याकांड में बड़ा मोड़, दो आरोपी दोषमुक्त

राजा रघुवंशी हत्याकांड में बड़ा मोड़, दो आरोपी दोषमुक्त

Feb 5, 2026 - 12:09
 0  15
राजा रघुवंशी हत्याकांड में बड़ा मोड़, दो आरोपी दोषमुक्त


 
इंदौरी खुलासा 

एमपी के इंदौर शहर के बहुचर्चित ट्रांसपोर्ट कारोबारी राजा रघुवंशी हत्याकांड में एक बड़ा और चौंकाने वाला घटनाक्रम सामने आया है। शिलांग पुलिस द्वारा सबूत नष्ट करने के संदेह में गिरफ्तार किए गए दो आरोपियों को अब पूरी तरह दोषमुक्त कर दिया गया है। चार्जशीट दाखिल होने के बाद यह स्पष्ट हुआ कि जिन आधारों पर उनकी गिरफ्तारी की गई थी, वे जांच में टिक नहीं पाए।
जांच में नहीं मिले ठोस सबूत
मामले की जांच के दौरान यह सामने आया था कि हत्या के बाद सोनम और विशाल चौहान इंदौर के लसूड़िया क्षेत्र स्थित एक बिल्डिंग में रुके थे, जिसे एक ब्रोकर के माध्यम से लिया गया था। संबंधित रूम का एग्रीमेंट विशाल चौहान के नाम पर किया गया था।

पुलिस ने जांच के दौरान बिजली बिल, एग्रीमेंट दस्तावेज़ और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की बारीकी से पड़ताल की, लेकिन इसमें गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों की संलिप्तता के कोई पुख्ता प्रमाण नहीं मिले।
गार्ड और बिल्डिंग मालिक को राहत

जांच के बाद यह साफ हुआ कि गार्ड बलवीर सिंह अहिरवार और बिल्डिंग मालिक लोकेंद्र सिंह तोमर का हत्या से कोई प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष संबंध नहीं है। इसके चलते दोनों को मामले से पूरी तरह दोषमुक्त कर दिया गया।

एसपी ने दी सफाई

शिलांग की ईस्ट खासी हिल्स के एसपी विवेक सिगम ने बताया कि प्रारंभिक परिस्थितियों और उस समय उपलब्ध जानकारियों के आधार पर गिरफ्तारी की गई थी।

“लेकिन विस्तृत जांच में दोनों की भूमिका साबित नहीं हो सकी। इसी कारण उन्हें दोषमुक्त कर दिया गया है,” — एसपी विवेक सिगम

मामले में आगे की जांच जारी
हालांकि इस घटनाक्रम के बाद मामले ने नया मोड़ ले लिया है, लेकिन पुलिस का कहना है कि मुख्य आरोपियों और घटनाक्रम की कड़ियों को लेकर जांच जारी है। राजा रघुवंशी हत्याकांड को लेकर आने वाले दिनों में और खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow